न्यूज 127, हरिद्वार।
थाना पथरी क्षेत्र में महिला से हुई मारपीट, दुष्कर्म और कान के कुंडल लूटने के अलावा उसे जान से मारने की धमकी देने वाले एक अन्य फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की ओर से इसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
बतादें, बीती 08 जुलाई को एक महिला ने थाना पथरी में विपक्षियों के खिलाफ मारपीट, दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी देने और कान के कुंडल लूटने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम ने वारदात में शामिल चार आरोपितों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि एक आरोपित लगातार फरार चल रहा था।
फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा 5000 का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम लगातार आरोपित की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में कटारपुर जाने वाले मार्ग पर पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की, जिसमें उसकी पहचान फरार चल रहे इनामी आरोपित के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है। गिरफ्तार आरोपित का नाम पता सुधीर उर्फ लक्की पुत्र सुंदर, निवासी ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार उम्र 19 वर्ष बताया गया है।




