न्यूज 127.
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में गोंडा-मनकापुर रेलखंड के बीच चंडीगढ़ एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। हादसे से रेल प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। प्राथमिक जानकारी के आधार पर 20 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर सामने आ रही है। यह संख्या और अधिक होने की संभावना जतायी गई है।
जानकारी के अनुसार 15904 -चंडीगढ़ एक्सप्रेस चंडीगढ़ से गोरखपुर जा रही थी। हादसा मोतीगंज थाना क्षेत्र के पिकौरा गांव के पास हुआ। पौने तीन बजे दो डिब्बे बेपटरी हुए, उसके बाद 12 और डिब्बे पलट गए। पटरी से डिब्बे उतरे ही ट्रेन में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने व घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। हादसे में तीन यात्रियों की मौत होने की खबर भी सामने आ रही है, हालांकि अभी इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
गोंडा में चंडीगढ़ एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतरे, राहत बचाव कार्य जारी


