न्यूज 127, पिथौरागढ़।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में जनपद को 284 करोड़ रुपये से अधिक की 67 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 105.30 करोड़ रुपये की लागत के 33 कार्यों का लोकार्पण तथा 178.76 करोड़ रुपये की लागत के 34 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने जनपद के विकास से जुड़ी नौ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। कार्यक्रम में उद्योग, कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य विभाग की स्वरोजगारपरक योजनाओं के लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने मुख्यमंत्री को हस्तशिल्प से निर्मित ‘सत्यमेव जयते’ की कलाकृति और बाबा नीम करौली की तस्वीर भेंट की। मुख्यमंत्री ने जनसमूह के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सुना।
सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। सीमांत क्षेत्रों का विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश भ्रमण के बाद इस क्षेत्र के प्रति श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है। इस वर्ष आदि कैलाश यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से अधिक पहुंचने की संभावना है। पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि से होमस्टे, परिवहन, स्थानीय उत्पादों और अन्य व्यवसायों से जुड़े लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
750 करोड़ से अधिक की लागत से बन रहा मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ में 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किए जा रहे मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे सीमांत क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिलेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़-बांस-आंवलाघाट सड़क और पुल के निर्माण से गंगोलीहाट की दूरी कम होगी तथा हाट कालिका मंदिर तक पहुंचना आसान होगा। पिथौरागढ़ से मुनस्यारी, हल्द्वानी, दिल्ली और देहरादून तक हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। नैनीसैनी हवाई अड्डे को लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
भर्ती व्यवस्था, महिला सशक्तीकरण पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार, नकल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है और प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने महिला सशक्तीकरण के लिए लखपति दीदी सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और दंगा विरोधी कानून को राज्यहित में लिए गए निर्णय बताते हुए ऑपरेशन कालनेमि के तहत फर्जी पहचान से लोगों को भ्रमित करने वालों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज, जौलजीबी मेले और आठगांव शिलिंग मेले की शुभकामनाएं भी दीं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से गुंजी और आदि कैलाश की यात्रा सुगम हुई है। उन्होंने क्षेत्र में धार्मिक एवं साहसिक पर्यटन और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित सीमांत नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ किया। इससे मरीजों को नेत्र चिकित्सा की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री की नौ प्रमुख घोषणाएं
नैनीसैनी देवत से कनारी पाभैं तक मोटर मार्ग का सुधारीकरण और डामरीकरण किया जाएगा। 2. कैलीगाड़ पुल से बेस अस्पताल तक सड़क का सुधारीकरण और हॉटमिक्स कार्य किया जाएगा। 3. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत किया जाएगा। 4. अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र मवानी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकृत किया जाएगा। 5. मूनाकोट के रियांसी में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की जाएगी। 6. अस्कोट लिफ्ट पेयजल योजना का कार्य किया जाएगा। 7. ज्याला मंदिर, छाना पाण्डेय में सीसी मार्ग का निर्माण किया जाएगा। 8. ग्राम चिमुशी में गाड़ देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। 9. चण्डाक-छेड़ा दिगतोली सड़क का सुधारीकरण और चौड़ीकरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी और हेमराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


