शुक्रतीर्थ पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ, 5 हजार पुराने वर्ष को लेकर कही ये बात




मेरठ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मुजफ्फरनगर स्थित शुक्रतीर्थ पहुंचे। यहां उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डबल इंजन की सरकार में सभी वर्गों को सम्मान मिल रहा है। माफिया रसातल में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चल रहे वृक्षारोपण अभियान में प्रत्येक व्यक्ति को एक वृक्ष लगाकर उसका संरक्षण करना चाहिए।

यहां राजा परीक्षित ने सुनी थी श्रीमदभागवत कथा
शुकतीर्थ में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मां गंगा की पावन धारा शुकतीर्थ से होकर बहने का सपना साकार हो रहा है। सबसे पहले भगवान शुकदेव के मुख से इसी धरती पर राजा परीक्षित ने श्रीमदभागवत कथा सुनी थी। यहां पर पांच हजार वर्ष पुराना अक्षय वट है। कई पीढ़ियों के उत्थान-पतन को इस पवित्र वृक्ष ने देखा है। हमारी बहुत समृद्ध विरासत है। यह इतिहास बनाने वाली भूमि है। शुकतीर्थ की तरह बिजनौर की विदुर कुटी को भी गंगा की धारा मिलेगी। हम इसका भी सर्वे करके आए है।

भारत विकास की नई राह पर बढ़ रहा है
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास की नई राह पर बढ़ रहा है। काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्रोद्धार, केदारपुरी, सोमनाथ, महाकाल के पुनर्रोद्धार का कार्य भी संपन्न हुआ है। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर बन रहा है। यह काम 2014 से पहले भी हो सकता था, लेकिन पहले की सरकारों में लोगों की आस्था और विरासत को सम्मान देने की इच्छा थी। विकास की प्रक्रिया को भी आगे नहीं बढ़ाया।

अब नहीं होता उत्तर प्रदेश में पलायन
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा पर ग्रहण लग गया था। यहां से पलायन होता था। युवा बेरोजगार था। अब बेटियों से छेड़छाड़ करने वाला रसातल में जाएगा। यहां अब कोई पलायन नहीं करा सकता है। व्यापारियों को सुरक्षा की गारंटी डबल इंजन की सरकार दे रही है। पलायन कराने वाले खुद पलायन कर गए। गरीब कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हर तबके का विकास हो रहा है।

विरासत वृक्षों का संरक्षण करके दे सम्मान
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 100 वर्ष पुराने वृक्ष को काटिये मत। उसे विरासत वृक्ष के रूप में सम्मान दीजिए। आज पूरे प्रदेश में करोड़ों पौधे लगाए जा रहे हैं। ग्लोबल वार्मिंग के कारण आज कहीं बाढ़ आ रही है तो कहीं सूखा पड़ रहा है। अधिक से अधिक वृक्ष लगाए। वृक्ष लगाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा भी की जाए।

241 करोड़ 64 लाख रुपए की सौगात
मुख्यमंत्री ने सभास्थल पर 241 करोड़ 64 लाख रुपए की 77 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने शुकतीर्थ में गंगा का पानी लाने की योजना का बटन दबाकर शुभारंभ किया। जनसभा को केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष तेजेद्र निर्वाल, एमएलसी वंदना वर्मा, प्रमोद ऊंटवाल, जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला आदि उपस्थित रहे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *