नई टिहरी, 25 मई 2026।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, नगर पालिका परिषद नई टिहरी के पूर्व अधिशासी अधिकारी एवं संत निरंकारी मिशन से जुड़े ब्रह्मलीन महात्मा पूज्य सम्पत लाल शाह जी का आज प्रातः बौराड़ी स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे मूल रूप से जनपद रुद्रप्रयाग के ग्राम गोरती, पट्टी लस्या के निवासी थे और अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन हेतु 26 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे न्यू टिहरी स्थित सत्संग भवन में रखा जाएगा, जिसके उपरांत अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार ले जाया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ब्रह्मलीन सम्पत लाल शाह जी का जीवन सेवा, सादगी और समर्पण का प्रतीक रहा। वे लंबे समय से समाज सेवा एवं संत निरंकारी मिशन से सक्रिय रूप से जुड़े रहे। उनके निधन से समाज और कांग्रेस पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है।
उन्होंने सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के श्रीचरणों में प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
इस दुःखद अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, प्रदेश कांग्रेस सचिव मुशर्रफ अली, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सीमा कृषाली, कांग्रेस नेता प्रवीण भंडारी, बार एसोसिएशन अध्यक्ष जयवीर सिंह रावत (एडवोकेट), सोहन सिंह रावत, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष लखबीर सिंह चौहान, पूर्व शहर अध्यक्ष देवेंद्र नोडियाल, ममता उनियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शांति शाह, अनीता रावत, अनीता शाह, लक्ष्मी रावत, मीना शाह, नगर पालिका सभासद नवीन सेमवाल, अनीश खान, परवेज अहमद सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने एक स्वर में कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन और सेवा भावना सदैव समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।




