हरिद्वार।
हरिद्वार में नौकरी के लिए इंटरव्यू देने आए एक युवक का शव गंगा में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान यश (25) निवासी कौशाम्बी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। यश बीती 9 अप्रैल से लापता बताया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, यश हरिद्वार की एक निजी कंपनी में इंटरव्यू देने आया था। उसका शव ज्वालापुर स्थित रेगुलेटर पुल के पास गंगा नदी में बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, युवक को आखिरी बार नगर कोतवाली क्षेत्र के एक होटल में देखा गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कर ली है। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक गंगा में नहाते समय हादसे का शिकार हुआ या उसने खुद छलांग लगाई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
हरिद्वार में इंटरव्यू देने आए युवक का गंगा में मिला शव




