धोखाधड़ी से 20 लाख का लोन लेने वाले पिता-पुत्र गाजियाबाद से गिरफ्तार




Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ, (जोजो):
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देशन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पल्लवपुरम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मकान के कागजातों में हेराफेरी कर 20 लाख रुपये का फर्जी लोन लेने के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे दो अभियुक्तों पिता और पुत्र को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

क्या था पूरा मामला
थाना पल्लवपुरम पर 19 सितंबर 2026 को वादी अनिल कुमार नरवाल पुत्र स्व. रणवीर सिंह (निवासी एकता नगर) ने लिखित तहरीर दी थी। वादी के अनुसार, उनके पुत्र करुण कुमार और पुत्रवधू वनिशा द्वारा एकता नगर कॉलोनी में खरीदे गए मकान के संबंध में अभियुक्तगण ने गहरी धोखाधड़ी करते हुए अपने नाम से 20 लाख रुपये का लोन ले लिया था।

इस शिकायत के आधार पर थाना पल्लवपुरम में मुकदमा अपराध संख्या 297/2025 के तहत धारा 318(4) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में धारा 316(3), 338 और 340(2) बीएनएस की गंभीर धाराएँ भी जोड़ी गईं।

गाजियाबाद से दबोचे गए दोनों आरोपी
पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी दौराला के पर्यवेक्षण में पल्लवपुरम थाने की पुलिस टीम ने सुरागकशी करते हुए अभियुक्तों की लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद पुलिस ने गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ अंतर्गत ग्राम सिकन्दरपुर में दबिश देकर वांछित अभियुक्त राजेन्द्रपाल पुत्र टेकचन्द और उसके पुत्र मनोजपाल पुत्र राजेन्द्रपाल को गिरफ्तार कर लिया। मूल रूप से ये दोनों आरोपी मेरठ के थाना मवाना क्षेत्र के ग्राम अलीपुर आलमपुर खजूरी के रहने वाले हैं।

इस सफल गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सतीश चन्द्र, उपनिरीक्षक शुभम गुप्ता और हेड कांस्टेबल नीरज शर्मा शामिल रहे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से धोखाधड़ी करने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया है।