राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की चाणक्य शाखा का भव्य पथ संचलन, मनाया विजयादशमी उत्सव




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्थापना दिवस एवं विजयादशमी के पावन पर्व पर हरिद्वार क्षेत्र की चाणक्य शाखा द्वारा भव्य शस्त्र पूजन और पथ संचलन का आयोजन किया गया। आर्यनगर, नंदपुरी और मयूर विहार कॉलोनी क्षेत्र में पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने अनुशासित कदमताल के साथ मार्च किया। इस दौरान जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा और देशभक्ति गीतों के साथ स्वयंसेवकों का स्वागत किया।

शस्त्र पूजन और भगवान राम के आदर्शों पर जोर
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक शस्त्र पूजन के साथ हुआ। मुख्य वक्ता एवं पूर्व जिला संघचालक रोहिताश्व कुँवर चौहान ने विजयादशमी की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के जीवन, त्याग, कर्तव्यपरायणता और धर्म के प्रति अटूट निष्ठा को अपने आचरण में उतारने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विजयादशमी केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि अपनी नकारात्मक प्रवृत्तियों पर विजय पाने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लेने का पर्व है।

श्री चौहान ने संघ के मूल मंत्र ‘इदं राष्ट्राय, इदं न मम’ का स्मरण कराते हुए स्वयंसेवकों से समाज में सेवा, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी होती है।

भव्य आयोजन में गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
नगर संघचालक एवं अधिवक्ता ज्ञानेश्वर ठकराल ने उपस्थित सभी अतिथियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए सामाजिक सद्भाव और सेवा भावना को बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य शिक्षक की भूमिका अमरेश कुमार ने निभाई, जबकि शाखा कार्यवाह राजेन्द्र रूहेला ने मंच का संचालन किया। डॉ. अश्वनी द्वारा प्रस्तुत एकल गीत और प्रिय पराक्ष द्वारा वाचन किए गए अमृत वचन ने कार्यक्रम में विशेष ऊर्जा का संचार किया।

इस अवसर पर बस्ती प्रमुख ब्रह्मपाल, सह बस्ती प्रमुख वेदपाल, व्यवस्था प्रमुख देवी प्रसाद, पार्षद आकाश चौहान, पार्षद अनुज सिंह, डॉ. सुधीर रूहेला, सुशील सैनी सहित सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी और स्वयंसेवक उपस्थित रहे। यह अनुशासित पथ संचलन राष्ट्रभक्ति, संगठनात्मक एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।