कनखल पुलिस ने 10 नशीले इंजेक्शन के साथ दो तस्कर किए गिरफ्तार




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत हरिद्वार की कनखल पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशों के क्रम में कनखल पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान दो शातिर तस्करों को 10 नशीले इंजेक्शन के साथ रंगे हाथों दबोच लिया।

पुलिस गश्त और चेकिंग के दौरान माया बिहार, जगजीतपुर के पास दो संदिग्ध लोग पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोके जाने पर तलाशी ली गई, तो उनके कब्जे से प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों की पहचान सुमित कुमार और मनीष उर्फ मोनू (दोनों निवासी- ग्राम जियापोता, थाना कनखल, हरिद्वार) के रूप में हुई है। आरोपी सुमित के पास से 5 और मनीष के पास से भी 5 यानी कुल 10 BUPRENORPHINE इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि ये तस्कर बाग-बगीचों और गुप्त स्थानों से युवाओं को निशाना बनाकर नशे की आपूर्ति करते थे तथा घरों तक भी इंजेक्शन पहुंचाते थे। पुलिस लंबे समय से इनकी तलाश कर रही थी। कोतवाली कनखल में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, अ.उ.नि. ललित मोहन अधिकारी, कां. गजय तोमर और कां. सुनील चौहान शामिल रहे।