DAV हरिद्वार के मनोज कपिल होंगे प्रधानाचार्य, क्षेत्रीय अधिकारी पीसी पुरोहित ने दी बधाई




नवीन चौहान.

डीएवी संस्था ने मनोज कुमार कपिल को डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल जगजीतपुर के स्थायी प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी सौंप दी है। अभी तक वह पूर्व प्रधानाचार्य पीसी पुरोहित के सेवानिवृत्त होने के बाद कार्यवाहक प्रधानाचार्य के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे थे। स्थायी तैनाती मिलने के बाद अब उन्होंने और अधिक जिम्मेदारी से संस्था के हित में कार्य करने की बात कही है।
डीएवी सेन्टेनरी पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर, हरिद्वार के पूर्व प्रधानाचार्य पी.सी. पुरोहित जी की मई 2020 में सेवानिवृति के उपरान्त मनोज कुमार कपिल विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य के रूप में कार्य कर रहे थे। उनकी इसी निष्ठा एवं समर्पण भावना को देखते हुए डीएवी प्रबन्धकर्तृ ने 3.3.2023 से उन्हें प्रधानाचार्य का पदभार सौंपते हुए यह आशा व्यक्त की है कि उनके कार्यकाल में विद्यालय उत्तरोत्तर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा।

मनोज कुमार कपिल इस विद्यालय में वर्ष 1995 में एक अध्यापक के रूप में नियुक्त हुए। वर्ष 1996 में उन्हें टीजीटी विज्ञान के रूप में स्थाई नियुक्ति मिली। वर्ष 1997 में वे पीजीटी बाॅयोलाॅजी के पद पर नियुक्त हुए। वर्ष 2007 में उन्हें विद्यालय के सीनियर विंग के पर्यवेक्षक का अतिरिक्त पदभार सौंपा गया। वर्ष दर वर्ष उनकी मेहनत निरन्तर जारी रही तथा उन्हें अपने हर काम में दक्षता प्राप्त होती गई।

विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य पीसी पुरोहित जी ने विद्यालय के सभी कर्मचारियों में टीम वर्क की महत्ता को कूट-कूट कर भरा और उनके नेतृत्व में विद्यालय के सभी कर्मचारियों ने पूरे मन से उनके हर आदेश की पालना की। इसी कड़ी में मनोज कुमार कपिल ने भी अपने पूर्व प्रधानचार्यो के पद-चिह्नों पर चलते हुए पीसी पुरोहित जी की सेवानिवृति के उपरान्त डीएवी संस्था द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा से निभाया।

डीएवी संस्था के प्रधान पद्मश्री डाॅ पूनम सूरी जी ने संस्था द्वारा स्थापित नियुक्ति प्रणाली के अनुसार उन्हें विद्यालय के प्रधानाचार्य पद पर सुशोभित कर दिया। दिनांक 3.3.2023 को विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य एवं वर्तमान में उत्तराखण्ड के डीएवी विद्यालयों के क्षेत्रीय अधिकारी पीसी पुरोहित जी ने पुष्प गुच्छ देते हुए अपने उत्तराधिकारी प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। विद्यालय के सभी कर्मचारियों में एक खुशी एवं उत्साह का माहौल है।

प्रधानाचार्य का पदभार संभालने के बाद मनोज कुमार कपिल ने कहा कि संस्था ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है उसे पूरी निष्ठा और लग्न के साथ निभाएंगे। स्कूल में अनुशासन पर पूरा फोकस रखा जाएगा। संस्था के आदर्शों को अपनाते हुए बच्चों में शिक्षा के साथ साथ संस्कार भी देने का काम जारी रखा जाएगा। स्कूल के सभी स्टॉफ से तालमेल बैठाकर शिक्षा की रोशनी को अधिक से अधिक फैलाया जाएगा।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *