न्यूज 127, हरिद्वार।
कुंभ मेला-2027 की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कुंभ मेला पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को सीसीआर हरिद्वार स्थित कार्यालय में पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा योजनाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के तहत तैयार मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पुनः परीक्षण कर आवश्यक बिंदुओं को शामिल करने के निर्देश दिए।

बैठक में आपदा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, अग्निशमन, सुरक्षा व्यवस्था और संचार व्यवस्था से संबंधित एसओपी की समीक्षा की गई। आईजी ने निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का बारीकी से परीक्षण कर आवश्यक संशोधनों के साथ दोबारा प्रस्तुत किया जाए, ताकि कुंभ के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
पुलिस बल की आवासीय व्यवस्था की भी समीक्षा
बैठक में कुंभ मेले के दौरान स्थापित होने वाली पुलिस लाइन और यातायात पुलिस लाइन में चल रहे कार्यों की प्रगति भी परखी गई। इसके साथ ही कुंभ में तैनात होने वाले पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के लिए आवासीय व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
आईजी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी निर्माण एवं व्यवस्थागत कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने तैयार किए गए मॉक ड्रिल कैलेंडर के अनुरूप अभ्यास और अन्य आवश्यक कार्रवाई निर्धारित समय पर सुनिश्चित करने को कहा। पुलिस मुख्यालय और अन्य राज्यों से प्राप्त होने वाले निर्देशों के अनुरूप भी तैयारियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भट्ट, अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार विपिन कुमार, पुलिस उपाधीक्षक पुलिस दूरसंचार अरुण पाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव, पुलिस उपाधीक्षक कुंभ मेला पुलिस लाइन वेद प्रकाश भट्ट, पुलिस उपाधीक्षक यातायात कुंभ मेला उमेश मलिक, निरीक्षक यातायात हितेष कुमार सहित विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।


