शहीदों का बलिदान राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत: धामी










Listen to this article

न्यूज 127, हल्द्वानी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्द्वानी स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन किया। उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा और देश की एकता एवं अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका राष्ट्र के प्रति समर्पण, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक केवल वीर सपूतों की स्मृतियों को संजोने का स्थान नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और देश सेवा के लिए प्रेरित करने वाला पवित्र स्थल भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहीदों के परिजनों के सम्मान और उनके कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि शहीद परिवारों को हरसंभव सहयोग और सम्मान प्रदान किया जाए।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।