शिवडेल स्कूल के छात्रों ने सीबीएसई 10वीं बोर्ड में रचा सफलता का इतिहास








Listen to this article

news127
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा आज घोषित किए गए हाईस्कूल (कक्षा 10) परीक्षा परिणाम में शिवडेल स्कूल, हरिद्वार के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस वर्ष भी स्कूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा और कई विद्यार्थियों ने शानदार अंक हासिल कर नई ऊंचाइयों को छुआ।
विद्यालय के मेधावी छात्र रूद्र प्रताप सिंह ने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अभिनन्दन गुप्ता, अभिनव सिंह एवं अन्वी मित्तल ने 97.8 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर गार्गी वार्ष्णेय रहीं, जिन्होंने 96.4 प्रतिशत अंक अर्जित किए।
विषयवार उत्कृष्ट प्रदर्शन की बात करें तो अंग्रेजी विषय में जिज्ञासा और भव्या ने शत-प्रतिशत (100/100) अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय में रूद्र प्रताप सिंह, अभिनव सिंह और प्रथम श्रीवास्तव ने भी 100 में 100 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की।
इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय के संस्थापक स्वामी शरद पुरी जी एवं प्रधानाचार्य अरविन्द कुमार बंसल ने सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का यह सामूहिक परिणाम है।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों के प्रति गर्व व्यक्त करते हुए आशा जताई कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।