Ssp नवनीत सिंह ने किया उत्कृष्ट कार्य करने वाले 30 पुलिसकर्मियों को सम्मानित




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
पुलिस कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में माह सितंबर के सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता और एसपी सिटी दीपक कुमार व एसपी देहात अभय सिंह की उपस्थिति में आयोजित इस सम्मेलन में पुलिस कप्तान ने अभिभावक की भूमिका निभाते हुए मातहत जवानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही उनका निस्तारण किया।

सैनिक सम्मेलन के दौरान माह सितंबर में विभिन्न थाना क्षेत्रों में आपराधिक घटनाओं के खुलासे, अपराधियों की गिरफ्तारी और अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 2 महिला कर्मियों समेत कुल 30 पुलिसकर्मियों को ‘मैन/वूमेन ऑफ द मंथ’ के खिताब से नवाजा गया। एसएसपी ने सभी सम्मानित जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

जवानों को संबोधित करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि पुलिस धरातल पर काम करती है, इसलिए हर दिन खुद को साबित करने के नए अवसर मिलते हैं। उन्होंने सभी से पूरी लगन के साथ समाज को अपराध मुक्त बनाने, नशा तस्करी पर रोक लगाने और आम जनता के बीच पुलिस का भरोसा और मजबूत करने की अपील की।

इस अवसर पर विभिन्न थानों, कोतवाली, सीआईयू, यातायात, अग्निशमन और अभियोजन कार्यालय से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षी राकेश, वीरेन्द्र चौहान, उ.नि. पुष्कर सिंह चौहान, उ.नि. अनिल बिष्ट, उ.नि. अजय कुमार, फायरमैन संदीप जोशी और महिला आरक्षी मंजू बिष्ट सहित कुल 30 पुलिसकर्मियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया।