न्यूज 127, हरिद्वार।
लक्सर-रुड़की रोड पर बसेड़ी के पास अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची फ्लाइंग स्क्वॉड टीम पर खनन माफियाओं ने हमला कर दिया। आरोप है कि खनन सामग्री से भरे ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने सरकारी टीम पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला किया। हमले में टीम सदस्य भानुप्रताप घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह फ्लाइंग स्क्वॉड टीम के सदस्य भानुप्रताप, भ्रिगुनाथ, गनमैन सतेंद्र और अन्य सहयोगी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बसेड़ी के पास खनन सामग्री से भरा एक ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। टीम ने जब वाहन को रोकने की कोशिश की तो ट्रैक्टर चालक गुलसिताब अपने साथियों सरफराज और जाहिद के साथ आक्रामक हो गया। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए टीम पर लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से हमला कर दिया।
बताया गया कि आरोपितों के साथ एक कार (यूके 08 एके 3290) भी मौजूद थी। हमला करने के बाद आरोपित सरकारी टीम को दोबारा रोकने पर जान से मारने की धमकी देते हुए वाहन समेत मौके से फरार हो गए। घायल टीम सदस्य को उपचार के लिए भेजा गया। मामले में अमन तोमर की ओर से कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर गुलसिताब, सरफराज और जाहिद के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची टीम पर लाठी डंडों से हमला




