सामाजिक सरोकार, मानवाधिकार और वंचित वर्गों के उत्थान में योगदान के लिए संविधान क्लब में हुए सम्मानित
न्यूज 127, उत्तरकाशी।
जनपद उत्तरकाशी के विकासखंड नौगांव के ग्राम ब्यांली, पट्टी बनाल के मूल निवासी एवं वर्तमान में कुंआवाला निवासी डॉ. चंद्र लाल भारती को सामाजिक सरोकार, मानवाधिकार, सामाजिक न्याय तथा वंचित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए नई दिल्ली स्थित Constitution Club में आयोजित कार्यक्रम में ‘राष्ट्र रत्न सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया।
डॉ. चंद्र लाल भारती वर्तमान में लोक निर्माण विभाग, हरिद्वार में सिविल इंजीनियर के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। सरकारी दायित्वों के निर्वहन के साथ ही वे सामाजिक विषयों पर सक्रिय रहते हुए समाज में समानता, न्याय, मानव गरिमा एवं नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं।
उत्तरकाशी के ग्रामीण परिवेश से निकलकर अपनी मेहनत, संघर्ष और सामाजिक प्रतिबद्धता के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त करना क्षेत्र के लिए गौरव की बात मानी जा रही है। डॉ. भारती को मिले सम्मान की खबर से ग्राम ब्यांली सहित नौगांव क्षेत्र और पूरे उत्तरकाशी जनपद में खुशी का माहौल है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. भारती ने कहा कि ‘राष्ट्र रत्न सम्मान’ उनके लिए महज व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह समाज के उन लोगों के संघर्ष और प्रयासों का सम्मान है, जो समानता, न्याय और सम्मान के साथ जीवन जीने के अधिकार के लिए निरंतर संघर्षरत हैं।
उन्होंने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद लोगों की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाना प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें सामाजिक कार्यों के प्रति और अधिक जिम्मेदारी, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
डॉ. चंद्र लाल भारती को राष्ट्र रत्न सम्मान 2026 मिलने पर क्षेत्रवासियों, सामाजिक संगठनों, सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








