रिजर्व पुलिस लाइन मेरठ में हर्षोल्लास और श्रद्धापूर्वक मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व
न्यूज 127, मेरठ।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन, जनपद मेरठ में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में किया गया।

कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन, पुलिस उप महानिरीक्षक, मेरठ परिक्षेत्र, जिलाधिकारी मेरठ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर जनपद के अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारीगण, पुलिसकर्मी तथा उनके परिजन भी उपस्थित रहे।

रिजर्व पुलिस लाइन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियां सजायी गयीं। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी लीलाओं का भावपूर्ण प्रस्तुतिकरण किया गया।

उपस्थित अधिकारियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी। मध्य रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के उपरान्त पूजा-अर्चना एवं आरती की गयी तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

सम्पूर्ण कार्यक्रम के दौरान रिजर्व पुलिस लाइन परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा तथा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।








