न्यूज 127.
मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से देश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान जहां पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की संभावना है वहीं मैदानी इलाकों में लू चलने की संभावना है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आईएमडी ने बताया कि पंजाब के ऊपर निचले क्षोभमंडल में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में एक पश्चिम विक्षोभ सक्रिय है। उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान के ऊपर दो अलग-अलग चक्रवाती परिसंचरण की स्थिति बनी हुई है।
बिहार, झारखंड और असम में भी मौसम संबंधी कुछ ऐसी प्रणालियां बनी हुई हैं। इनके प्रभाव से 13 मई को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी राजस्थान में, 16-17 मई को हिमाचल प्रदेश और 14 मई को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा गरज व बिजली के साथ छिटपुट से मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है।
कोंकण और गोवा में 13 और 14 मई को, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 14-16 मई के दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं जिनकी गति बढ़कर 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकता है। इसके अलावा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा में मंगलवार को 50-60 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 70 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 12 और 13 मई को छत्तीसगढ़ में गरज, बिजली और 60 किमी प्रति घंटे के हवा के झोकों के साथ अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। 16 मई तक मध्य प्रदेश, 13-15 मई के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, 16 मई को झारखंड, 15-16 मई तक झारखंड, बिहार और 14 मई को ओडिशा में 50 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं और भारी वारिश भी हो सकती है।
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में 16 मई तक, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 15 मई तक गरज, बिजली और तेज हवाएं के साथ व्यापक रूप से भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 13 मई को मेघालय में वर्षा की मात्रा अत्यधिक रहने की संभावना है।
14-18 मई के दौरान पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, 14 व 15 मई को उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और 15 मई के गंगा के तटीय इलाओं, 13-15 मई के दौरान झारखंड में भीषण गर्मी पड़ने और लू चलने की संभावना है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में मंगलवार को, 16 मई तक बिहार में गर्म और आर्द्र मौसम बना रहेगा और 13 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर रात के समय भी भीषण गर्मी की संभावना है।
मंगलवार से पश्चिम राजस्थान के कई इलाकों में लू चल सकती है और पारा 2-3 डिग्री तक चढ़ सकता है। बीकानेर और जोधपुर समेत सीमावर्ती क्षेत्रों में 44-45 डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान जा सकता है।