मंत्री गायत्री प्रजापति के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज, लगा पॉक्सो एक्ट




Listen to this article

लखनऊ: यूपी सरकार में मंत्री और अमेठी सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) उम्मीदवार गायत्री प्रजापति के खिलाफ रेप और यौन उत्पीड़न के मामले में केस दर्ज हो गया है। सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद शनिवार (18 फ़रवरी) को राजधानी के गौतमपल्‍ली थाने में गायत्री प्रजापति सहित पांच अन्‍य आरोपियों के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस बारे में एडीजी लाॅ एंड ऑर्डर दलजीत चौधरी ने बताया कि इस पूरे मामले की गहनता से जांच होगी और निष्‍पक्ष रूप से विव‍ेचना की जाएगी। एडीजी लॉ एंड आर्डर दलजीत चौधरी ने बताया कि ​गौतमपल्ली थाने में परिवहन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनके अलावा पांच अन्‍य लोगों को सह आरोपी बनाया गया है। इनमें ​अशोक तिवारी, पिंटू सिंह, विकास वर्मा, चंद्रपाल और आशीष शुक्ला शामिल हैं। गायत्री के खिलाफ क्राइम नंबर 29/17 धारा 376 डी (गैंगरेप), 376/511, 504 506, 3/4 पास्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता ने गायत्री प्रजापति के खिलाफ एफआईआर दर्ज न होने पर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। पीडिता के अनुसार उसके साथ गैंगरेप हुआ और उसकी बेटी का भी यौन उत्पीड़न किया गया। गायत्री प्रजापति के खिलाफ कुछ महीने पहले एक महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।