हरिद्वार।
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर, हरिद्वार ने एक बार फिर उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करते हुए अपने गौरवशाली परिणामों से विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय का हाईस्कूल (दसवीं) परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत (100%) रहा, जो संस्था की गुणवत्ता शिक्षा और विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण है।

इस वर्ष परीक्षा में गार्गी शुक्ला ने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं एसजे सौम्यजीत बहेरा ने 98.2 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा और दृष्टि सलूजा ने 97.8 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
मेधावी विद्यार्थियों की सूची में कार्तिकेय जोशी, उदित सैनी और राघव प्रजापति ने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। लक्षिता पाठक ने 97.4 प्रतिशत अंक हासिल किए, जबकि ऋत्विक सैनी, साक्षी मेहता, इशिता चौहान और राधिका पुरोहित ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय और अपने अभिभावकों का मान बढ़ाया।
विद्यालय के छात्रों ने विषयवार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंग्रेजी, हिन्दी, सामाजिक विज्ञान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे विषयों में कई विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत (100/100) अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

परिणामों के आंकड़ों पर नजर डालें तो कुल 304 विद्यार्थियों में से 88 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 215 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों ने कुल 1206 डिस्टिंक्शन्स प्राप्त कर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और सुदृढ़ किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने इस शानदार परिणाम पर सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षक-शिक्षिकाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षकों को इसी प्रकार विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते रहने के लिए प्रेरित किया।
डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल का यह उत्कृष्ट परिणाम न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे हरिद्वार जनपद के लिए गर्व का विषय बन गया




