सीएम पुष्कर धामी के दौरे की तैयारियां तेज, डीएम अंशुल सिंह ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण








Listen to this article

अल्मोड़ा
आगामी 27 मई को प्रस्तावित मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनपद भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व कार्यक्रम स्थल की समस्त तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सोमवार को उदय शंकर नृत्य अकादमी, फलसीमा का स्थलीय निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सभी तैयारियां समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि उदय शंकर नृत्य अकादमी में एसडीजी अचीवर्स अवार्ड वितरण समारोह का आयोजन प्रस्तावित है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आगंतुकों के बैठने की समुचित व्यवस्था, मंच की तैयारी, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, यातायात नियंत्रण और अवॉर्ड वितरण से जुड़े सभी कार्यों के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को भी चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा जनपद के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।

इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और तैयारियों को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई।