न्यूज 127, हरिद्वार।
धर्मनगरी हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में राजस्थान की एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य यात्री घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हरिद्वार पुलिस के अनुसार हादसा शांतिकुंज के पास हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि राजस्थान से आए श्रद्धालुओं का दल गंगा स्नान के बाद वापस लौटने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी बस को बैक करते समय अचानक चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिस कारण बस सड़क पर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस को पलटता देख सामने से आ रहे एक डंपर चालक ने टक्कर से बचने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक ढाबे में घुस गया। जिला आपदा कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान की एक यात्री बस सप्तऋषि चौकी के पास दुर्घटना ग्रस्त हो गई है, दुर्घटना की जानकारी प्राप्त होते ही राहत एवं बचाव हेतु पुलिस बल,एनडीआरएफ,जिला प्रशासन की टीम एवं आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंच कर त्वरित राहत एव बचाव कार्य किया गया तथा घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से मेला चिकित्सालय में उपचार हेतु भेजा गया,इस दुर्घटना में 25 यात्री घायल हुए है, जिनका उपचार मेला चिकित्सालय में किया जा रहा है, एक घायल महिला यात्री को उपचार हेतु चिकित्सालय ले जाते समय मृत्यु हो गई है।
हरिद्वार में यात्रियों से भरी बस पलटी, एक महिला यात्री की मौत, 25 घायल




