हरिद्वार।
रविवार की देर रात्रि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ यात्री को गोली मारने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 1 जून की मध्य रात्रि डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि कांवड़ लेकर जा रहे एक यात्री को मोटरसाइकिल सवार युवकों ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली कनखल पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। क्षेत्राधिकारी नगर तथा फील्ड यूनिट की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा से गंगाजल लेकर लौट रहे चार कांवड़ यात्रियों की गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के समीप 6-7 बाइक सवार युवकों से कहासुनी हो गई थी। मामूली विवाद और आपसी टिप्पणी के बाद झगड़ा बढ़ गया, जिसके दौरान बाइक सवार युवकों ने अजय पुत्र नरेश निवासी जिला पानीपत (हरियाणा) को गोली मार दी।
घायल अजय को उसके साथियों और पुलिस की मदद से तत्काल भूमानंद अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर के निर्देश पर पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल शिवराज पुत्र जबर सिंह (20 वर्ष), निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, कनखल को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर अन्य आरोपियों आदित्य कुमार पुत्र राजकुमार (20 वर्ष), निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, कनखल, हेमंत कुमार पुत्र मनोज कुमार (22 वर्ष), निवासी जगजीतपुर, थाना कनखल तथा वंश गुप्ता पुत्र अखिलेश गुप्ता, हाल निवासी फुटबॉल ग्राउंड, जगजीतपुर को भी हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने इस संबंध में कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई कर आरोपितों का चालान कर दिया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है और लगातार दबिश दी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने कहा कि सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कांवड़ यात्री को गोली मारने की घटना का पुलिस ने किया खुलासा, चार आरोपित गिरफ्तार




