बारिश का ऑरेज अलर्ट, 18 जुलाई को देहरादून के सभी स्कूलों में अवकाश








Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
उत्तराखंड में हो रही बारिश के चलते जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने देहरादून के लिए अलर्ट जारी करते हुए संभावना जतायी है कि अगले 24 घंटे में भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए चेतावनी के तौर पर ऑरेज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, मौसम विभाग के अलर्ट के बाद शासन ने भी सर्तकता बरतनी शुरू कर दी है। अलर्ट के मद्देनजर जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान ने शनिवार यानी 18 जुलाई को देहरादून जिले में कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
देहरादून डीएम ऑफिस से जारी आदेश के मुताबिक, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 घंटे में देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बौछार पड़ने की संभावना जतायी है। ऐसे में आपदा न्यूनीकरण के मद्देनजर कक्षा 1 से 12 वीं तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों में 18 जुलाई को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

मौसम का पूर्वानुमान: अगले 24 घंटों में जिले के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज बौछारें और आकाशीय बिजली चमकने की अत्यधिक आशंका है।

सुरक्षा निर्देश: जिला प्रशासन ने आपदा न्यूनीकरण और सुरक्षा के मद्देनजर अभिभावकों और नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा करने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

आने वाले दिनों में मौसम: मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में आने वाले कुछ दिनों (18 से 21 जुलाई) तक मौसम खराब रहने की संभावना है, इसलिए पहाड़ी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।