मुनीष सैनी के रक्षा सूत्र कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब, मातृशक्ति का मिला अपार स्नेह










Listen to this article

न्यूज 127, रुड़की।
पिरान कलियर विधानसभा के सुभाष नगर मंडल में विधानसभा संयोजक मुनीष सैनी के नेतृत्व में आयोजित भव्य रक्षा सूत्र कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, मातृशक्ति, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। देखते ही देखते परिसर रक्षाबंधन की उमंग, उत्साह और सामाजिक सौहार्द के रंग में रंग गया।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ राज्य मंत्री आदेश सैनी, जिला महामंत्री अक्षय प्रताप, मंडल अध्यक्ष संदीप पुरी, जिला अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा आदित्य रोड, गढ़वाल सभा अध्यक्ष जोशी, जिला महामंत्री युवा मोर्चा सूरज नेगी, जिला कोषाध्यक्ष युवा मोर्चा अभिनव सैनी, जिला मंत्री प्रतिभा चौहान और जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा नीलकमल समेत अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अतिथियों का क्षेत्रवासियों एवं कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

रक्षा सूत्र बना प्रेम और सामाजिक एकता का प्रतीक
महेंद्र भट्ट ने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षा सूत्र भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के स्नेह, विश्वास, सम्मान और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के साथ समाज में एकता और अपनत्व की भावना को बढ़ावा देते हैं।

कार्यक्रम में महिलाओं ने रक्षा सूत्र बांधकर प्रेम, विश्वास, सम्मान और सामाजिक एकता का संदेश दिया। मातृशक्ति की बड़ी भागीदारी आयोजन का विशेष आकर्षण रही। वहीं नन्ही बच्चियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर पूरा कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

मुनीष सैनी बोले- समाज में विश्वास और भाईचारा मजबूत करना उद्देश्य
विधानसभा संयोजक मुनीष सैनी ने कहा कि रक्षा सूत्र कार्यक्रम को केवल रक्षाबंधन पर्व तक सीमित रखने के बजाय इसके माध्यम से समाज में प्रेम, विश्वास, सम्मान और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक आयोजनों को सफल बनाने में मातृशक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।

उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि महेंद्र भट्ट सहित सभी अतिथियों, महिलाओं, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पंकज पाल, सुरेश सैनी, धीरज सैनी, आरती बोखंडी, सुनीता गोस्वामी, सरिता, सविता, सुमन दयाल, मेघा, कविता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।