न्यूज 127, हरिद्वार।
सेवा संकल्प अभियान के तहत कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने गुरुवार को पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, ज्वालापुर में सोलर ड्यूल हैंडपंप और मंच शेड का लोकार्पण किया। विद्यालय में छात्राओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए की गई इन व्यवस्थाओं के साथ ‘डेटॉल स्कूल हाइजीन एजुकेशन प्रोग्राम’ का भी शुभारंभ किया गया।
वैश्विक हाथ धुलाई दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मदन कौशिक ने छात्राओं और शिक्षकों को स्वच्छता का महत्व बताते हुए कहा कि साबुन और पानी से नियमित रूप से हाथ धोना स्वस्थ जीवन की बुनियादी आदत है। भोजन से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद अच्छी तरह हाथ धोने से दस्त, डायरिया सहित कई संक्रमणों से बचाव किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 की थीम ‘बी अ हैंडवॉशिंग हीरो’ का संदेश है कि प्रत्येक व्यक्ति हाथ धोने की सही आदत अपनाकर अपने परिवार और समाज को स्वस्थ रखने में योगदान दे सकता है। हाथों की हथेलियों, उंगलियों के बीच और नाखूनों की सफाई करते हुए कम से कम 20 सेकंड तक साबुन से हाथ धोना चाहिए।
स्वच्छता को जनभागीदारी से मिलेगी मजबूती
कैबिनेट मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित स्वच्छ भारत मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने छात्राओं और शिक्षकों से स्वयं स्वच्छता के नियमों का पालन करने तथा दूसरे लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मदन कौशिक, विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम राणा और स्थानीय पार्षद निशा पुंडीर सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर और हैंडपंप संचालित कर किया। इस दौरान डेटॉल इंडिया स्कूल हाइजीन एजुकेशन प्रोग्राम के बैनर और शिलापट का अनावरण भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन रश्मि डबराल ने किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, डेटॉल के जिला प्रभारी प्रकाश नेगी, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र कटारिया, प्रधानाचार्य पूनम राणा, पार्षद निशा पुंडीर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का समापन स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के संकल्प के साथ हुआ।


