न्यूज 127, लखनऊ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं, लोकभाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि भौगोलिक रूप से व्यक्ति कहीं भी रहे, लेकिन अपनी मातृभूमि, बोली-भाषा और सांस्कृतिक विरासत के प्रति उसका जुड़ाव बना रहना चाहिए। अपनी जड़ों से जुड़े रहना भावी पीढ़ियों को अपनी पहचान और विरासत से परिचित कराने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी मंगलवार को पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन, लखनऊ में उत्तराखण्ड महापरिषद की ओर से आयोजित उत्तराखण्ड महोत्सव-2026 में प्रतिभाग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और विशिष्ट जीवनशैली में निहित है। इन परंपराओं को संरक्षित रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
प्रवासियों की भागीदारी से मजबूत होगा उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी उत्तराखण्डियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने और प्रदेश के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से पिछले तीन वर्षों से प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से देश-विदेश में रह रहे प्रवासियों के अनुभव, ज्ञान, कौशल, निवेश और सामर्थ्य का लाभ प्रदेश के विकास में लेने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने प्रवासियों से अपने गांवों, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के विकास में योगदान देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य धरोहर हैं और अपनी मेहनत तथा प्रतिभा से देश-दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
दोनों राज्यों के रिश्ते भावनात्मक और सांस्कृतिक
उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के संबंधों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश हमारा सहोदर भाई है। दोनों राज्यों के बीच केवल भौगोलिक और प्रशासनिक संबंध ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक जुड़ाव भी है। दोनों राज्यों की प्रगति एक-दूसरे से जुड़ी हुई है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सड़क, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक विकास, पर्यटन, कानून-व्यवस्था और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हो रहे हैं। गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक जोड़ने का अनुरोध किया गया है, जिससे दोनों राज्यों के बीच आवागमन, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में लगभग 38 हजार करोड़ रुपये के निवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों राज्य पर्यटन, धार्मिक यात्रा, व्यापार, उद्योग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में मिलकर नई संभावनाएं विकसित कर सकते हैं। इस अवसर पर उत्तराखण्ड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य अतिथि और बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखण्डी मौजूद रहे।


