महानवमी पर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने किया नौ कन्याओं का पूजन




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शारदीय नवरात्र की महानवमी के पावन अवसर पर मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान के साथ हवन एवं पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के प्रतीक स्वरूप नौ कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने मां भगवती से उत्तराखंड की निरंतर उन्नति, प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों को महानवमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा के संचार की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नवरात्र का पर्व मातृशक्ति की आराधना और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं का प्रतीक है। यह पर्व समाज को श्रद्धा, भक्ति और सद्भाव का संदेश देता है। कन्या पूजन के माध्यम से मातृशक्ति के प्रति सम्मान, श्रद्धा और आदर का भाव प्रकट किया जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति को विशेष स्थान प्राप्त है। नवरात्र का पर्व हमें नारी सम्मान, सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।