न्यूज 127, हरिद्वार।
कनखल थाना क्षेत्र के जगजीतपुर में डिलीवरी के लिए छोटा हाथी वाहन में रखी सैमसंग एलईडी चोरी करने के मामले में पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एलईडी भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर 2026 को रघुबीर पुत्र नन्दलाल, निवासी अहमदाबाद, थाना हाफिजगंज, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी सराय ज्वालापुर, हरिद्वार ने कनखल थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह छोटा हाथी वाहन में एलईडी रखकर डिलीवरी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीठ पुलिया, जगजीतपुर के पास अज्ञात व्यक्ति वाहन से एलईडी चोरी कर ले गया।
शिकायत के आधार पर कनखल थाने में मुकदमा अपराध संख्या 402/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने चोरी की घटना का खुलासा करने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान 20 अक्टूबर को अजय बिटौलिया पुत्र हुकमचंद, निवासी पीठ बाजार, जगजीतपुर, कनखल को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से चोरी की गई एलईडी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। चोरी की घटना का खुलासा करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक ललित मोहन अधिकारी, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल प्रलव चौहान और कांस्टेबल रणबीर सिंह शामिल रहे।


