शीत लहर का ओरेंज अलर्ट, डीएम ने घोषित किया स्कूलों में अवकाश




Listen to this article

नवीन चौहान.
शीत लहर के असर से मैदान और पहाड़ दोनों स्थानों पर कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है। दिन में सर्द हवाएं और रात में गिर रहा पाला ठिठुरन को बढ़ा रहा है। राजधानी देहरादून में ठंड के चलते जिलाधिकारी ने स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।

जिलाधिकारी युगलकिशोर पंत ने बताया कि शीतलहर के दृष्टिगत भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केन्द्र, देहरादून द्वारा उत्तराखण्ड के लिए दिनांक 27.12.2022 से 31.12.2022 तक 05 दिनों का मौसम पूर्वानुमान जारी किया गया है। इस पूर्वानुमान में दिनांक 28.12.2022 को ठंड का ओरेन्ज अलर्ट जारी किया गया हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि सर्दी के इस अलर्ट के चलते जनपद के समस्त ऑगनबाड़ी केन्द्र, शासकीय मान्यता प्राप्त, अशासकीय विद्यालय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 5 तक दिनांक 28.12.2022 (बुधवार) को अवकाश घोषित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि समस्त शैक्षणिक एवं मिनिस्ट्रियल कार्मिक विद्यालय समयानुसार अपने विद्यालय में बने रहेंगे।

उपरोक्त आदेश से विचलन आपदा प्रबन्धन अधिनियम 2005 के सुसंगत प्रविधानों का उल्लघन माना जायेगा और ऐसा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

शीत लहर के असर से मैदान और पहाड़ दोनों स्थानों पर कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है। दिन में सर्द हवाएं और रात में गिर रहा पाला ठिठुरन को बढ़ा रहा है। हरिद्वार में भी ठंड के चलते स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।

प्रतीक जैन प्रभारी जिलाधिकारी ने अवगत कराया है कि निदेशक, भारतीय मौसम विज्ञान केन्द्र, देहरादून के ईमेल/फैक्स संदेश दिनांक 27.12.2022 द्वारा जानकारी दी गयी है कि दिनांक 27 से 31 दिसम्बर, 2022 तक जारी मौसम पूर्वानुमान में दिनांक 28 एवं 29 दिसम्बर, 2022 को उत्तराखण्ड राज्य के मैदानी क्षेत्रों विशेषकर ऊधमसिंहनगर व हरिद्वार जनपदों के कुछ भागों में घने से बहुत घना कोहरा छाये रहने तथा कुछ स्थानों में शीत दिवस से प्रचण्ड शीत दिवस की स्थिति रहने की सम्भावना के दृष्टिगत ओरेंज अलर्ट जारी किया गया।

प्रभारी जिलाधिकारी ने बताया कि इसी के दृष्टिगत छोटे-छोटे बच्चों व छात्र-छात्राओं की जीवन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक जनहित में समस्त सरकारी व गैर-सरकारी विद्यालयों के कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालयों व आंगनबाड़ी व मिनी आंगनबाड़ी केन्द्रों में दिनांक 28 एवं 29 दिसम्बर, 2022 ( बुधवार व वृहस्पतिवार) को अवकाश घोषित किया जाता है।

प्रभारी जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने यह भी जानकारी दी कि वर्तमान में शीत व कड़ाके की सर्दी को देखते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी, हरिद्वार के प्रस्ताव के क्रम में दिनांक 30 एवं 31 दिसम्बर, 2022 को विद्यालयों के संचालन समय प्रातः 10ः00 बजे से सायं 03ः30 बजे तक संचालित किया जायेगा तथा समस्त शैक्षणिक एवं मिनिस्ट्रियल कार्मिक विद्यालय समयानुसार अपने विद्यालय में बने रहेंगे ।