अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर पिता और बेटी की गोली मारकर ली जान




Listen to this article

नवीन चौहान.
अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति और उसकी बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। दिन निकलते ही हुई इस घटना से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शव अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुट गई। हत्या के पीछे की वजह रंजिश है या कुछ और इसकी जांच पुलिस कर रही है।

पुलिस अनुसार हरियाणा के रोहतक शहर से सटे बोहर गांव में बुधवार सुबह छह बजे के करीब अज्ञात हमलावरों ने 50 वर्षीय सुरेंद्र व उसकी 13 साल की बेटी निकिता की गोली मारकर हत्या कर दी। जबकि सुरेंद्र की बुजुर्ग मां बाल-बाल बच गई। सुरेंद्र का अपनी पत्नी से तलाक का केस भी चल रहा है।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब छह बजे सुरेंद्र उठकर भैंस को चारा डाल रहा था, इसी बीच अज्ञात हमलावर ने घर के अंदर घुसकर उसे तीन गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसकी बेटी निकिता कमरे के अंदर सो रही थी। उसको वहीं गोली मारी गई। घर में मौजूद निकिता की दादी बुजुर्ग है, उसे कम सुनाई देता है। वह कुछ सुन नहीं सकी।

बताया जा रहा है कि गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोस के लोग पहुंचे। हमलावर तब तक मौके से फरार हो चुके थे। सूचना पाकर अर्बन एस्टेट थाने से पुलिस व एफएसएल एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची। वारदात के पीछे पुरानी रंजिश या पारिवारिक विवाद भी हो सकता है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।