न्यूज 127, हरिद्वार।
हरिद्वार पुलिस परिवार को उस समय गहरा आघात लगा, जब झबरेड़ा कोतवाली में तैनात कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को एसएसपी हरिद्वार सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत कांस्टेबल को ससम्मान शोक सलामी और पुष्पांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई दी।

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार झबरेड़ा कोतवाली से ड्यूटी के लिए इकबालपुर चौकी जा रहे थे। इसी दौरान सैदाबाद के पास उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में घायल होने के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए विनय विशाल चिकित्सालय, रुड़की पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार वर्ष 1998 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के रहने वाले प्रमोद कुमार वर्तमान में अपने परिवार के साथ कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में निवास कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 20 अक्टूबर को एसएसपी हरिद्वार सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत प्रमोद कुमार के परिजनों की उपस्थिति में उन्हें शोक सलामी दी और पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान पुलिस परिवार ने नम आंखों से अपने साथी को अंतिम विदाई दी।
हरिद्वार पुलिस ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।


