पारंपरिक आभूषणों को ‘लोकल टू ग्लोबल’ पहचान दिलाने पर जोर: सीएम धामी










Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजपुर रोड स्थित एक होटल में सर्राफ मंडल देहरादून की ओर से आयोजित भव्य आभूषण प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित विभिन्न प्रकार के आभूषणों, पारंपरिक डिजाइनों तथा स्वर्णकारों की कला और हुनर को देखा। मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए सर्राफ मंडल और स्वर्णकार समाज को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन भारतीय कला, संस्कृति, परंपरा और स्थानीय हुनर को नई पहचान देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। स्वर्णकार समाज केवल आभूषणों का निर्माण ही नहीं करता, बल्कि देश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और उसे पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विवाह, त्योहार और धार्मिक अनुष्ठानों सहित जीवन के विभिन्न शुभ अवसरों पर आभूषण हमारी परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘मेक इन इंडिया’, ‘मेड इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहलों से देश के कारीगरों, स्थानीय उत्पादों और स्वदेशी हुनर को नए अवसर मिल रहे हैं। ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य के अनुरूप भारत को वैश्विक ज्वैलरी मैन्युफैक्चरिंग और डिजाइनिंग का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में प्रयास जारी हैं।

गढ़वाली नथ से कुमाऊंनी गुलोबंद तक मिले वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के समृद्ध पारंपरिक आभूषणों गढ़वाली नथ, पौंजी, चंपकली हार, कुमाऊंनी गुलोबंद, पिचौरा हार और झूमका को राष्ट्रीय एवं वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने की जरूरत है। पारंपरिक डिजाइनों को आधुनिक जरूरतों और बदलते समय के अनुरूप विकसित कर ‘लोकल टू ग्लोबल’ का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय कारीगरों और स्वर्णकारों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही युवा पीढ़ी भी अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से और अधिक जुड़ सकेगी। सीएम धामी ने कहा कि पारंपरिक आभूषणों के संरक्षण के साथ स्वर्णकार समाज के कौशल विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। इस दिशा में आवश्यक योजना तैयार कर स्वर्णकारों और कारीगरों को आगे बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का ‘सर्वश्रेष्ठ राज्य’ बनाने के ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ काम कर रही है। उन्होंने इस संकल्प को साकार करने में स्वर्णकार समाज से सक्रिय सहयोग और सहभागिता का आह्वान किया।

इस अवसर पर सर्राफ मंडल देहरादून के पदाधिकारी एवं सदस्य, स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधि, आभूषण व्यवसायी, कारीगर और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।