त्रिवेंद्र रावत बोले- सत्ता भाजपा के लिए सेवा का माध्यम, कार्यकर्ताओं के दम पर मिलती है जीत










Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार
भारतीय जनता पार्टी जिला हरिद्वार की ओर से सेवा संकल्प अभियान को लेकर रविवार को जिला कार्यालय जगजीतपुर में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री संजीव चौधरी ने किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता सेवा का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा है। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने और जिम्मेदारियों का उचित बंटवारा कर प्रभावी ढंग से कार्यक्रम संचालित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनावी वर्ष में प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी का एहसास होना चाहिए। भाजपा की जीत में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

बूथ स्तर पर होंगे विविध कार्यक्रम
मुख्य वक्ता राज्य मंत्री विनय रुहेला ने अभियान के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 17 सितंबर को शाम सात बजे प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता अपने घर में दीप जलाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। ‘सपनों का भारत’ के तहत स्कूल-कॉलेजों में भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं होंगी। ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी। अभियान के दौरान विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा मेरा योगदान, रंगोली राष्ट्र और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

2027 में भाजपा की सरकार बनाने का लक्ष्य
जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि जिले के प्रत्येक मंडल और बूथ पर सेवा संकल्प अभियान को पर्व के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाकर सफल बनाया जाएगा और राज्य सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी भी जनता तक पहुंचाई जाएगी।

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि भाजपा संगठन को सेवा से जोड़ने वाली पार्टी है। संगठन के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाकर जनसमर्थन जुटाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तराखंड में भाजपा की सरकार दोबारा बनेगी। जिला सह प्रभारी दीपक धमीजा ने कहा कि अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यशाला में राज्य मंत्री डॉ. जयपाल चौहान, ओमप्रकाश जमदग्नि, सुनील सैनी, पूर्व महापौर मनोज गर्ग, पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।