देहरादून।
डीएवी पब्लिक स्कूल, देहरादून में 23 मई 2026 को अंतर सदनीय गायन एवं नृत्य प्रतियोगिता “तरंग” का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। विद्यार्थियों की छिपी हुई सांगीतिक एवं कलात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साह, उमंग और पूर्ण समर्पण के साथ भागीदारी की।

कार्यक्रम को दो प्रमुख वर्गों—जूनियर (कक्षा 6 से 8) एवं सीनियर (कक्षा 9 से 12)—में विभाजित किया गया। विद्यालय परिसर इस दौरान उल्लास, संगीत और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया, जहां हर प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय गुप्ता रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उनके साथ निर्णायक मंडल के गणमान्य सदस्य भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न सदनों के प्रतिभागियों ने मंच पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया।

गायन प्रतियोगिता में जहां विद्यार्थियों ने सुर, ताल और भाव के अद्भुत समन्वय से सजी प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रोताओं के दिलों को छू लिया, वहीं नृत्य प्रतियोगिता में लोक संस्कृति, त्योहारों और धार्मिक कथाओं पर आधारित प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंतता और भावनात्मक ऊंचाई प्रदान की।

अलकनंदा और भागीरथी सदन का शानदार प्रदर्शन
गायन प्रतियोगिता के परिणामों में विभिन्न वर्गों में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। जूनियर बालक वर्ग में अलकनंदा सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सरस्वती सदन द्वितीय और मंदाकिनी सदन तृतीय स्थान पर रहा। जूनियर बालिका वर्ग में भागीरथी सदन ने बाजी मारी, वहीं अलकनंदा सदन द्वितीय और मंदाकिनी सदन तृतीय स्थान पर रहा।

सीनियर बालिका वर्ग में अलकनंदा सदन ने एक बार फिर श्रेष्ठता सिद्ध करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। भागीरथी एवं सरस्वती सदन संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि मंदाकिनी सदन तृतीय स्थान पर रहा। सीनियर बालक वर्ग में भागीरथी सदन ने प्रथम स्थान हासिल किया, अलकनंदा सदन द्वितीय और मंदाकिनी सदन तृतीय स्थान पर रहा।
गायन प्रतियोगिता का मूल्यांकन एडिफाई वर्ल्ड स्कूल के संगीत शिक्षक रविंद्र व्यास, संत कबीर पब्लिक स्कूल के अभिषेक कश्यप तथा राजहंस पब्लिक स्कूल के अमरदीप द्वारा किया गया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की लय, उच्चारण एवं मंच प्रस्तुति को आधार बनाकर निष्पक्ष निर्णय दिया।
नृत्य प्रतियोगिता में सरस्वती और भागीरथी सदन का जलवा
नृत्य प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने ऊर्जा, तालमेल और भाव-भंगिमा से भरपूर प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जूनियर वर्ग में भागीरथी सदन प्रथम, सरस्वती सदन द्वितीय और मंदाकिनी सदन तृतीय स्थान पर रहा।
सीनियर वर्ग में सरस्वती सदन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मंदाकिनी सदन द्वितीय और अलकनंदा सदन तृतीय स्थान पर रहा।
नृत्य प्रतियोगिता का मूल्यांकन इकोल ग्लोबल स्कूल की सुश्री सृष्टि भारद्वाज, सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल की श्रीमती शामली नौडियाल एवं टाइम्स वर्ल्ड स्कूल की सुश्री मनीषा आर्य द्वारा किया गया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की अभिव्यक्ति, तालमेल और नृत्य कौशल का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए परिणाम घोषित किए।
सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला: प्रधानाचार्या
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या शालिनी समाधिया ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उनकी बौद्धिक क्षमता के साथ-साथ कलात्मक प्रतिभाओं का विकास भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यालय समय-समय पर इस प्रकार की गतिविधियों का आयोजन कर बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करता है और उन्हें पाठ्येतर गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करता है।
पुरस्कार वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं विजेता सदनों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पूरे आयोजन ने न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को नई पहचान दी, बल्कि विद्यालय के सांस्कृतिक परिवेश को भी नई ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।




