नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट 2026-27 में युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) हरिद्वार के तत्वावधान में हरिओम सरस्वती कॉलेज में ‘नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट 2026-27’ का आयोजन किया गया। ‘नशा मुक्त युवा’ थीम पर आधारित इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य केंद्र-बिंदु ‘योग फॉर नशा मुक्त युवा’ रहा, जिसका उद्देश्य युवाओं को योग के जरिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर हरिओम सरस्वती कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मुनेन्द्र सिंह और उपप्राचार्य डॉ. योगेश योगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही, सीपीएम दिशा हरिद्वार के हेमंत खड़ख्वाल, अधिवक्ता हरीश कुमार, अरुण सैनी, यशोदा सैनी और दीपक कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। सभी वक्ताओं ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की रीढ़ हैं और उन्हें अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगानी चाहिए। नियमित योग और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर देते हुए सभी ने एक सशक्त और नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया।

कार्यक्रम की आयोजक एवं पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक (NYV) प्रेरणा सैनी ने अल्प सूचना पर कॉलेज प्रशासन द्वारा दी गई बेहतरीन व्यवस्थाओं और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में सामाजिक बदलाव की भावना जागृत होती है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी युवाओं को जीवनभर नशामुक्ति का मार्ग अपनाने, समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने और एक स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई गई।