तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी कर रहे गिरोह का हरिद्वार पुलिस ने किया भांडाफोड़








Listen to this article

न्यूज 127. हरिद्वार।
एसएसपी नवनीत सिंह की अगुवाई में हरिद्वार पुलिस ने “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत बड़ी कार्यवाही करते हुए धार्मिक आस्था, तंत्र-मंत्र एवं अंधविश्वास का फायदा उठाकर आम लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह का मात्र 24 घंटे के भीतर राजफ़ाश करने में कामयाबी हासिल की।
पुलिस के मुताबिक बीती 16 जुलाई की रात लगभग साढ़े नौ बजे डायल-112 के माध्यम से थाना श्यामपुर को सूचना प्राप्त हुई कि मन्नत ढाबा, चण्डी माता मंदिर के पास एंडेवर कार में सवार महिला व पुरुष एक व्यक्ति से 4,60,000 रुपये की धोखाधड़ी कर फरार हो गए हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष श्यामपुर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल सभी पिकेट एवं चेक पोस्टों को अलर्ट मोड पर करते हुए क्षेत्र में व्यापक चैकिंग एवं नाकाबंदी कराई गई तथा संदिग्ध वाहन की तलाश के प्रयास शुरु किए गए। शुक्रवार 17 जुलाई को पीड़ित विनोद कुमार निवासी सोनीपत (हरियाणा) के शिकायती प्रार्थनापत्र के आधार पर थाना श्यामपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस द्वारा जुटाई गई जानकारी में पता चला कि ठगी के आरोपियो द्वारा “AGHORA” नाम से एक यूट्यूब चैनल संचालित किया जा रहा था जिसके माध्यम से ये गिरोह तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ एवं कथित चमत्कारों से संबंधित वीडियो अपलोड कर आमलोगों/ सोशल मीडिया यूजर्स को अपने झांसे में लेता था। वीडियो से प्रभावित होकर विभिन्न राज्यों के लोग अपनी पारिवारिक समस्याओं, कथित भूत-प्रेत, ऊपरी बाधा एवं अंधविश्वास से जुड़ी परेशानियों के समाधान के लिए गिरोह से संपर्क करते थे। इसी तरह गिरोह के झांसे में आकर हरियाणा निवासी पीड़ित चण्डी देवी मंदिर के पास विशेष पूजा कराने के लिए आया था, जिसका खर्चा 4,60,000 रुपये बताया गया। तय योजना के अनुसार गिरोह के सदस्यों ने पीड़ित को एक लाल धागे से बंधा मिट्टी का मटका देकर मंत्र जाप करने को कहा तथा नकदी से भरा बैग अपनी कार में रखवा लिया। इसके बाद पूजा की सामग्री लाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस की फास्ट एक्शन, 12 घंटे के भीतर खुलासा
धार्मिक आस्था का गैरवाजीब फायदा उठाकर की गई इस ठगी को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा दिए गए निर्देशों पर आरोपियों की तलाश व जांच में जुटी पुलिस ने बॉर्डर चेक पोस्टों पर सघन चेकिंग के साथ-साथ गहराई से तकनीकी साक्ष्य जुटाए। डिजिटल/मैनुअल पुलिसिंग का संतुलन बनाते हुए पुलिस टीम ने माइनिंग चेक पोस्ट, चिड़ियापुर के पास से दो पुरुष एवं एक महिला संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने 4 लाख 55 हजार रुपये नकद, आईफोन 17 प्रो मैक्स, एंडेवर कार (सफेद रंग), तंत्र-मंत्र में प्रयुक्त मिट्टी का छोटा मटका व ढक्कन (पीले कपड़े एवं रोली/कलावा से बंधा) बरामद किया।

प्रारंभिक पूछताछ में महत्वपूर्ण तथ्य
पूछताछ में इस ठगी गिरोह के सदस्यों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया एवं यूट्यूब के माध्यम से लोगों में विश्वास पैदा कर उन्हें अंधविश्वास एवं भय का शिकार बनाते थे तथा पूजा-पाठ एवं तंत्र-मंत्र के नाम पर लाखों रुपये एवं आभूषण हड़प लेते थे। अन्य राज्यों में भी इनके द्वारा इसी प्रकार की वारदातें किए जाने के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम मलकीत उर्फ राकेश शर्मा उर्फ मोहित पुत्र श्रवण सिंह उर्फ नमो शान्त शर्मा, निवासी मोहल्ला चारजान, कस्बा मंडावर, जनपद बिजनौर, हाल निवासी चन्द्रमणी, देहरादून। मोन्टी जोशी पुत्र मुनेश कुमार जोशी, निवासी सब्जी मंडी के पास, थाना पटेलनगर, देहरादून और युवती निवासी थैलीसैण जनपद पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी तुनुवाला, भद्रकाली, देहरादून है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल (प्रभारी चौकी चण्डीघाट), अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड़, कांस्टेबल ओमवीर सिंह, कांस्टेबल राहुल देव, कांस्टेबल मनमोहन सैनी, चालक कांस्टेबल मोहन सिंह रावत, होमगार्ड नितिन चौहान, महिला पीआरडी राजकुमारी शामिल रही।