जनसुनवाई में 44 शिकायतें हुई दर्ज, 26 का डीएम ने मौके पर कराया निस्तारण










Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित की गई। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड समेत कई समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जनसुनवाई में कुल 44 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 26 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतें संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजी गईं।

औरंगाबाद निवासी योगेंद्र कुमार ने खेत के सामने सड़क के दोनों ओर नियमानुसार नाली निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। सुमन नगर निवासी कमलेश उप्रेती ने भारी बारिश से घर के आसपास हुए जलभराव की समस्या उठाते हुए शीघ्र निकासी व्यवस्था कराने का अनुरोध किया।

औरंगाबाद निवासी प्रमोद कुमार ने मकान निर्माण के दौरान पड़ोसियों द्वारा कार्य में बाधा डालने की शिकायत की। नारसन रुड़की के हरचंदपुर निवासी ओमकार ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत स्थापित 25 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र के ऋण और उस पर देय ब्याज की पूर्ण माफी का अनुरोध किया।

रावली महदूद के ब्रह्मपुरी निवासी कमलेश ने मंदिर से करीब 100 फीट की दूरी पर संचालित शराब की दुकान को बंद कराने की मांग की। वहीं पुरनपुर साल्हापुर निवासी बबिता पत्नी दिनेश ने बताया कि 27 अगस्त को हुई अत्यधिक बारिश से उनका मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने मौके का निरीक्षण कराकर आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में दर्ज प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, गंभीरता और समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर मौके पर जाएं और समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। सभी शिकायतों को शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए।

सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर भी सख्ती
जनसुनवाई के दौरान सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को विशेष रूप से 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा में सामने आया कि एल-1 स्तर पर 413 और एल-2 स्तर पर 120 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित हैं। अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

जनसुनवाई में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चन्द समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी भी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।