बदरीनाथ धाम में 20.32 लाख और केदारनाथ में 17.29 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
न्यूज 127, हरिद्वार।
उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की आमद का सिलसिला जारी है। वर्तमान यात्रा काल में अब तक 59,08,972 श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं, जबकि यात्रा के लिए 72,45,218 पंजीकरण दर्ज किए गए हैं। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में आमद पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा सुचारू और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है।
हरिद्वार भ्रमण के दौरान सतपाल महाराज ने बताया कि चारों धामों में श्रद्धालुओं की निरंतर आमद दर्ज की जा रही है। अब तक बदरीनाथ धाम में 20,32,477 और केदारनाथ धाम में 17,29,170 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं, गंगोत्री धाम में 9,29,664 तथा यमुनोत्री धाम में 8,26,965 श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की है। इस तरह चारों धामों में कुल दर्शनार्थियों की संख्या 59 लाख के पार पहुंच गई है।
सुरक्षित और सुगम यात्रा पर जोर
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं में चारधाम यात्रा को लेकर लगातार उत्साह बना हुआ है। राज्य सरकार तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और यात्रा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलें और उन्हें किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि वर्तमान यात्रा सीजन के लिए अब तक 72,45,218 श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। बड़ी संख्या में पंजीकरण और दर्शन के आंकड़े चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था को दर्शाते हैं। यात्रा व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए सुविधाओं और सुरक्षा पर ध्यान दिया जा रहा है।


