विधायक आदेश चौहान ने औरंगाबाद में हाथियों से क्षतिग्रस्त खेतों का किया निरीक्षण




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आदेश चौहान ने ग्राम औरंगाबाद में हाथियों द्वारा किसानों की फसलों को पहुंचाए गए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों के साथ प्रभावित खेतों का जायजा लिया और किसानों की समस्याओं को सुना।

विधायक ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कृषि भूमि और वन्यजीवों की आबादी वाले क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए पुख्ता और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, प्रभावित किसानों की फसलों के नुकसान का निष्पक्ष आकलन कर उन्हें शीघ्र मुआवजा देने के निर्देश दिए ताकि किसानों को आर्थिक राहत मिल सके।

इस संबंध में उन्होंने राजाजी राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक से दूरभाष पर वार्ता कर पूर्व में क्षतिग्रस्त हुई सुरक्षा दीवार का पुनर्निर्माण कराने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने को कहा। उन्होंने जोर दिया कि वन्यजीवों से फसलों को बार-बार नुकसान पहुँचना एक गंभीर विषय है और इसके स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करना चाहिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य बिमलेश देवी, विजय चौहान, शशांक चौहान, चरण सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्र के स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।