प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने खानपुर में सुनी किसानों की पीड़ा










Listen to this article

प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने खानपुर में सुनी किसानों की पीड़ा

न्यूज 127, हरिद्वार।
खानपुर क्षेत्र में जलभराव से परेशान किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार ने गंभीरता दिखाई है। सोमवार को जनपद के प्रभारी मंत्री एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने खानपुर पहुंचकर प्रभावित किसानों और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों के साथ बाढ़ नियंत्रण एवं जलभराव से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए राहत और बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के सख्त निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने लक्सर-पुरकाजी मार्ग स्थित खानपुर के जटा शंकर महादेव मंदिर में आयोजित रुद्राभिषेक कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया। इसके बाद उन्होंने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों के किसानों और ग्रामीणों से बातचीत कर नुकसान तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

‘किसानों को राहत देने में ढिलाई हुई तो कार्रवाई तय’
सतपाल महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जाए। संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने के साथ सुरक्षात्मक कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए और लोगों को राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की कोताही न हो।
प्रभारी मंत्री ने कहा, “राज्य सरकार जलभराव से प्रभावित किसानों और ग्रामीणों के साथ मजबूती से खड़ी है। जिन क्षेत्रों में किसानों को नुकसान हुआ है, वहां हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने और लोगों को किसी तरह की असुविधा न होने देने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।”

जलभराव का स्थायी इलाज तलाशने पर जोर
महाराज ने कहा कि बाढ़ नियंत्रण के लिए केवल तत्काल राहत तक सीमित रहने के बजाय स्थायी और प्रभावी उपायों पर भी काम किया जा रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षात्मक कार्यों को जल्द पूरा कर भविष्य में जलभराव और बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम में भी सहभागिता की। उन्होंने क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना।

इस दौरान महंत शंकर दास, सनातन हिंदू वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष महंत संजय नाथ, महंत प्रेमानंद, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा रुड़की जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, डॉ. प्रीतम सिंह, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक मोहित कौशिक, मंडल अध्यक्ष भगत सिंह, अरुण चौधरी सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।