कांस्य पदक विजेता उन्नति शर्मा का डीएवी देहरादून में भव्य स्वागत, विद्यार्थियों को दी प्रेरणा








Listen to this article

पथ प्रवाह, देहरादून।
राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो खिलाड़ी महिला 63 किलोग्राम भार वर्ग स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश, प्रदेश और डीएवी परिवार का मान बढ़ाने वाली विद्यालय की पूर्व छात्रा उन्नति शर्मा का डीएवी पब्लिक स्कूल, देहरादून में भव्य सम्मान किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह उत्साह, गौरव और प्रेरणा से ओतप्रोत रहा।

उन्नति शर्मा के देहरादून आगमन पर विद्यालय की ओर से विशेष वाहन भेजकर उन्हें एयरपोर्ट से सम्मानपूर्वक लाया गया। विद्यालय पहुँचने पर उनका स्वागत पुष्पवर्षा, तालियों की गड़गड़ाहट और जोशीले माहौल के बीच किया गया। इस दौरान उनके परिजन भी उपस्थित रहे, जिनका विद्यालय परिवार ने आत्मीयता से अभिनंदन किया।

सम्मान समारोह में प्रधानाचार्या श्रीमती शालिनी समाधिया एवं जूडो कोच पुनेश ठाकुर ने उन्नति शर्मा को शॉल ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उन्नति के परिजनों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर उन्नति शर्मा के दोनों जूडो प्रशिक्षक—विद्यालय के कोच पुनेश ठाकुर एवं सतीश शर्मा—भी मौजूद रहे। साथ ही विद्यालय में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जूडो के भावी खिलाड़ी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने उन्नति की उपलब्धियों को जाना और उनसे प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संकल्प लिया।

डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी, डीएवी स्पोर्ट्स कमेटी के निदेशक वी. सिंह, विद्यालय की मैनेजर डॉ. अल्पना शर्मा तथा ए.आर.ओ. पी.सी. पुरोहित ने अपने बधाई संदेश में उन्नति शर्मा की उपलब्धि को पूरे डीएवी परिवार के लिए गौरव का विषय बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने संबोधन में उन्नति शर्मा ने विद्यालय के प्रति गहरा लगाव व्यक्त करते हुए कहा कि डीएवी पब्लिक स्कूल उनके दिल के बेहद करीब है। उन्होंने बताया कि विद्यालय से जुड़ी हर स्मृति उनके लिए अमूल्य है और वे हर मंच पर अपने विद्यालय का नाम गर्व से लेती हैं। उन्होंने कहा कि जूडो के प्रति उनका रुझान और आगे बढ़ने की प्रेरणा उन्हें इसी विद्यालय से मिली, और आज की उनकी उपलब्धियों की नींव भी यहीं रखी गई थी।

समारोह के अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती शालिनी समाधिया ने कहा कि उन्नति शर्मा की सफलता केवल जूडो खिलाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि प्रत्येक बालिका और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि दृढ़ निश्चय, कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ कोई भी व्यक्ति सफलता की ऊँचाइयों को छू सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि उन्नति शर्मा भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का नाम रोशन करती रहेंगी।


विदित हो कि उत्तराखंड के देहरादून की होनहार जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 की महिला 63 किलोग्राम भार वर्ग स्पर्धा में दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोएस्टर को मात्र 1 मिनट 07 सेकंड में इप्पोन से हराकर कांस्य पदक जीतकर प्रदेश के साथ डीएवी स्कूल का नाम गौरवांवित किया है। डीएवी स्कूल में उनका यह सम्मान समारोह न केवल एक खिलाड़ी की उपलब्धि का उत्सव था, बल्कि नई पीढ़ी को प्रेरित करने वाला एक सशक्त संदेश भी साबित हुआ है।

प्रधानाचार्य शालिनी समाधिया ने बताया कि उन्नति ने नर्सरी कक्षा में डीएवी में एडमिशन लिया और छठीं कक्षा के बाद जूड़ो खेलना शुरू कर दिया। मुकाबलों को जीतना और मेडल अर्जित करना उसका शौक रहा। उन्नति बचपन से ही बेहद होनहार और प्रतिभावान रही। उन्नति के कारण स्कूल ही नही पूरे देश को उस पर गर्व है।