हरिद्वार
महिला का अश्लील वीडियो बनाकर उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देने और कथित रूप से ब्लैकमेल कर शारीरिक संबंध बनाने के मामले में झबरेड़ा पुलिस ने नामजद आरोपित को गिरफ्तार किया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले में कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, आरोपित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर को झबरेड़ा थाना क्षेत्र की निवासी एक महिला ने सचिन नामक युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया कि युवक ने नहाते समय उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया गया। शिकायत में आरोपित पर धमकी देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप भी लगाया गया है।
ऑपरेशन प्रहार के तहत हुई कार्रवाई
महिला की शिकायत के आधार पर थाना झबरेड़ा में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई।
थानाध्यक्ष झबरेड़ा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने नामजद आरोपित सचिन को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपित सचिन पुत्र राकेश, ग्राम भगतोवाली, थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार का निवासी है। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपित का चालान कर दिया गया है।


