धनपुरा में दो युवकों से मारपीट कर लूटे थे सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल
हरिद्वार।
मासूम चेहरों के पीछे छिपी लूट की करतूत का पुलिस ने महज पांच घंटे में पर्दाफाश कर दिया। धनपुरा क्षेत्र में दो युवकों के साथ मारपीट कर सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पूरा सामान बरामद होने के बाद पीड़ितों को राहत मिली है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, ज्वालापुर थाना क्षेत्र के दयानंद नगरी, वानप्रस्थ गेट, कनखल रोड निवासी नीरज चौहान अपने दोस्त नवलदीप निवासी कनखल के साथ किसी काम से धनपुरा आया था। इसी दौरान तीन आरोपियों ने कथित तौर पर दोनों युवकों के साथ मारपीट की और दो सोने की अंगूठियां, एक चांदी की चेन, एक चांदी का कड़ा, एक चांदी का लॉकेट और दो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद नीरज ने थाना पथरी में शिकायत दर्ज कराई।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना से खुला राज
लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की तलाश और सामान की बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए संदिग्धों की तलाश तेज की। इसी दौरान 16 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने लक्सर रोड स्थित रविदास मंदिर के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सभी आभूषण और दोनों मोबाइल फोन बरामद हुए। पीड़ितों ने बरामद सामान की पहचान करने के साथ आरोपियों को भी पहचान लिया। पुलिस के मुताबिक, घटना के महज पांच घंटे के भीतर कार्रवाई पूरी कर लूटे गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई।
दो लक्सर तो एक पथरी क्षेत्र का निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण कुमार (24) पुत्र प्रेम सिंह और रितिक (22) पुत्र जगदीश, निवासी टांडा भागमल, थाना लक्सर तथा विशाल (19) पुत्र अमरीश, निवासी शाहपुर, थाना पथरी के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर दिया है।


