नारी अबला नहीं, अद्भुत है… कोटद्वार में महिला सांस्कृतिक कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब




Listen to this article

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी भूषण की पहल पर सजी लोकसंस्कृति की महफिल, महिला कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

News127कोटद्वार, 29 नवंबर। कोटद्वार के देवी मंदिर स्थित विजय गार्डन में विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण के नेतृत्व में आयोजित महिला सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘नारी-अबला नहीं, अद्भुत है’ में नारी शक्ति का उत्साह और उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और क्षेत्रवासियों ने प्रतिभाग कर आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास, स्वाभिमान और सामाजिक योगदान को मंच प्रदान करने के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना रहा। इस दौरान स्थानीय महिला कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से पहाड़ की लोकपरंपराओं और संस्कृति के विविध रंग बिखेरे।

कार्यक्रम में शकुन्तला बुडाकोटी ने ‘मैना घस्यारी’, मीरा बिष्ट ने ‘हौंसिया उल्यार मा’, रंजना गुसाईं ने ‘गीत लगाणा तांदि बल’, संगीता गढ़वाली ने ‘भैर कि निठुर’ और शिवांगी घिडियाल ने ‘टिहरी की रानी’ गीत एवं नृत्य की प्रस्तुति दी। कलाकारों की सुमधुर गायकी और आकर्षक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

हेमा नेगी करासी के जागर ने बांधा समां

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सुप्रसिद्ध लोकगायिका हेमा नेगी करासी की जागर प्रस्तुति रही। उन्होंने पारंपरिक जागर गायकी के माध्यम से उत्तराखंड की लोक आस्था, देवी-देवताओं की महिमा और सदियों पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत किया। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और आयोजन को विशिष्ट आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान प्रदान की।

महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान का संदेश

ऋतु खण्डूड़ी भूषण की इस पहल ने महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत बनाने का अवसर दिया। कार्यक्रम में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी उनके आत्मविश्वास और अपनी लोकसंस्कृति के प्रति लगाव को दर्शाती नजर आई।

इस अवसर पर नारी शक्ति के महत्व को रेखांकित करते हुए संदेश दिया गया कि महिलाएं केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की भी महत्वपूर्ण शक्ति हैं। आज महिलाएं शिक्षा, राजनीति, कला, संस्कृति, प्रशासन और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा एवं नेतृत्व क्षमता से नए आयाम स्थापित कर रही हैं।

कार्यक्रम ने स्थानीय महिला कलाकारों को मंच देने के साथ उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का भी संदेश दिया। ‘नारी-अबला नहीं, अद्भुत है’ का आयोजन महिला सम्मान, आत्मविश्वास, स्वाभिमान और सामर्थ्य का उत्सव बनकर सामने आया।