राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाने का सशक्त माध्यम है ‘मन की बात’ : मुख्यमंत्री धामी




Listen to this article

दून मेडिकल कॉलेज में प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ के 140वें संस्करण को सुना, नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली के संदेशों को बताया महत्वपूर्ण

News127देहरादून, 29 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों, जनसेवा के उल्लेखनीय कार्यों और समाज को प्रेरित करने वाले प्रयासों को व्यापक पहचान मिल रही है। यह कार्यक्रम आम नागरिकों को सकारात्मक बदलाव का सहभागी बनने की प्रेरणा देता है।

नशामुक्ति और स्वस्थ जीवनशैली पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, साइबर सुरक्षा, जनसेवा तथा कला एवं संस्कृति के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।

उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए व्यापक जनजागरूकता और समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना सामूहिक जिम्मेदारी है।

स्वस्थ समाज से ही बनेगा सशक्त राष्ट्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र का आधार है। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में चिकित्सकों और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक सोच, स्वस्थ आदतों और जनसेवा की भावना को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज और राष्ट्र की उन्नति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।