हरिद्वार निवासी पुलिस कांस्टेबल का शव खाई से बरामद








Listen to this article

अल्मोड़ा।
चार दिनों से लापता चल रहे हरिद्वार निवासी एक आरक्षी का शव सोमवार को गहरी खाई से बरामद होने से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। घटना भिकियासैंण क्षेत्र के अंतर्गत मछोड़ के पास की है, जहां एक कार खाई में गिरी मिली थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11:28 बजे भिकियासैंण थाने से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि भतरौजखान थाने में तैनात एक आरक्षी की कार संदिग्ध परिस्थितियों में गहरी खाई में गिरी हुई दिखाई दे रही है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम अपर उप निरीक्षक महिपाल सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची।
घटनास्थल पर पहुंचकर टीम ने पाया कि हुंडई क्रेटा कार मुख्य सड़क से लगभग 300 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरी हुई थी। दुर्गम और जोखिम भरे हालातों के बीच एसडीआरएफ टीम खाई में उतरी और सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान टीम को खाई में एक शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान आरक्षी 11 सीपी संजीव चौधरी के रूप में हुई। वह मूल रूप से शेरपुर, हरिद्वार के निवासी थे और वर्तमान में भतरौजखान थाने में तैनात थे।
एसडीआरएफ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया और आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक व्याप्त है, वहीं मामले की जांच जारी है।