प्रकृति के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने विद्यार्थी: डॉ. अनुपम जग्गा








Listen to this article
  • डीपीएस रानीपुर में ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ पर उमड़ा पर्यावरण प्रेम, विद्यार्थियों ने दिया संरक्षण का संदेश

न्यूज 127. हरिद्वार।
दिल्ली पब्लिक स्कूल, रानीपुर में ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों की जागरूकता, संवेदनशीलता और रचनात्मकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रेप से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, ऊर्जा और समर्पण के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लेते हुए पृथ्वी को बचाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष प्रार्थना सभा के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने वैश्विक स्तर पर बढ़ती प्राकृतिक आपदाओं, जलवायु परिवर्तन और पृथ्वी पर गहराते संकट की गंभीरता को भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया। छात्रों ने गीत, कविता एवं लघु प्रस्तुतियों के जरिए यह संदेश दिया कि यदि समय रहते पर्यावरण संरक्षण के ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

विद्यालय परिसर में आयोजित विविध गतिविधियों- नुक्कड़ नाटक, पोस्टर मेकिंग, निबंध लेखन, भाषण प्रतियोगिता एवं स्लोगन लेखन ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बना दिया। विद्यार्थियों ने ‘प्लास्टिक मुक्त भारत’, ‘स्वच्छ पर्यावरण-स्वस्थ जीवन’ और ‘पेड़ लगाओ, पृथ्वी बचाओ’ जैसे संदेशों को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत कर सभी को प्रेरित किया। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्लास्टिक प्रदूषण, जल संरक्षण और स्वच्छता जैसे मुद्दों पर जागरूकता फैलाने का सफल प्रयास किया गया। विशेष रूप से छोटे बच्चों द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लिए नन्हें विद्यार्थियों ने पूरे विद्यालय परिसर में ‘सेव अर्थ, सेव फ्यूचर’ के नारों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश गूंजाया।

कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ा पहलू ‘गूंज’ संस्था के सहयोग से आयोजित विशेष अभियान रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने उपयोग की अतिरिक्त एवं पुनःप्रयोग योग्य वस्तुओं-जैसे स्कूल बैग, वाटर बॉटल, यूनिफॉर्म, जूते, कॉपियां, किताबें, पेन-पेंसिल एवं लंच बॉक्स-का संग्रह कर दान किया। इन वस्तुओं को ‘गूंज’ द्वारा पुनः उपयोगी बनाकर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक सहयोग की भावना भी सुदृढ़ होगी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “पृथ्वी केवल एक ग्रह नहीं, बल्कि हमारा साझा घर है, जिसकी सुरक्षा और संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है।” उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में छोटे-छोटे कदम-जैसे जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता-अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने ‘गूंज’ संस्था के सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कचरा प्रबंधन और ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से पृथ्वी एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए यह संकल्प लिया कि वे पर्यावरण को सुरक्षित और स्वच्छ बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। डीपीएस रानीपुर में मनाया गया ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ न केवल एक आयोजन बनकर रहा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी का सशक्त संदेश भी दे गया।