रामनगर (नैनीताल)।
तमंचे की नोक पर लूट की सनसनीखेज वारदात का रामनगर पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और नकदी बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देशों का परिणाम माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 अप्रैल 2026 को वादी सुरजीत सिंह निवासी तुमड़िया डाम द्वितीय, मालधन चौड़ ने थाना रामनगर में तहरीर दी थी कि वह अपने पुत्र के साथ वाहन संख्या UK18N-7913 से हाथीडंगर से घर लौट रहे थे। रास्ते में दो स्कूटी सवारों ने उनका पीछा कर वाहन रुकवाया, जिसके बाद चार अज्ञात युवकों ने तमंचा तानकर मारपीट की और 10 हजार रुपये नकद व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना रामनगर में एफआईआर संख्या 128/26 धारा 115/309(4)/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे और प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर तंत्र और सुरागरसी के आधार पर 2 मई 2026 को आमपोखरा रेंज क्षेत्र से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष चन्याल उर्फ अंशु (21 वर्ष), अनिल बिष्ट (22 वर्ष) और प्रिंस कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 3 अवैध तमंचे (315 बोर), घटना में प्रयुक्त स्कूटी तथा 7200 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर तीनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत अलग-अलग अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक प्रेम बल्लभ जोशी, कांस्टेबल विनीत चौहान, कविन्द्र सिंह, प्रयाग कुमार और मेघा चंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और गुंडागर्दी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
स्कूटियों से पीछा कर तमंचे की नोक पर लूट करने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद




