न्यूज 127, हरिद्वार।
भारतीय जनता पार्टी जिला हरिद्वार द्वारा रविवार को लाकुलीस आश्रम, आर्य नगर (गाजीवाली), श्यामपुर कांगड़ी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। दो दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों से जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रथम सत्र में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित एकात्म मानववाद का दर्शन व्यक्ति से लेकर समष्टि और परमेष्ठि तक की समग्र दृष्टि प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों का केंद्र केवल अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि मनुष्य है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही अंत्योदय का मूल उद्देश्य है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और राजनीति सेवा का माध्यम है।
द्वितीय सत्र में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि वे जनसंघ के प्राण थे। उन्होंने संगठन में चित्र और चरित्र दोनों के महत्व पर बल दिया। साथ ही डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान और अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों का उल्लेख करते हुए भाजपा की वैचारिक यात्रा को विस्तार से समझाया।
जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने बताया कि यह प्रशिक्षण अभियान पंडित जी के संगठन, संघर्ष और समर्पण के मंत्र पर आधारित है। इसका उद्देश्य प्रत्येक कार्यकर्ता को विचारधारा से सशक्त बनाकर बूथ स्तर तक अंत्योदय का संदेश पहुंचाना है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, राज्य मंत्री कुलदीप कुमार, विधायक आदेश चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, संगठन महामंत्री अजय कुमार, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




